भूमि का सौदा कर 24 लाख हड़पने के मामले में एसएसपी के आदेश पर सीपरी बाजार पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सर्वनगर में रहने वाले कमल किशोर का आरोप है कि 11 साल पहले उसने जमीन का सौदा किया था, लेकिन विपक्षियों ने धोखाधड़ी कर जमीन किसी ओर को बेच दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के सर्वनगर में रहने वाले कमल किशोर ने एसएसपी से शिकायत की है कि ग्वालटोली सिविल लाइन में रहने वाले वीरेंद्र पटैरिया उसके बेटे अनुराग पटैरिया और उसकी पत्नी उमा पटैरिया से गांव सिजवाहा थाना रक्सा में 24 लाख रुपये में जमीन का सौदा किया था। आरोपियों ने मौके पर भूमि दिखाई और विश्वास दिलाया कि उक्त भूमि उनकी है। वीरेंद्र की बात पर विश्वास कर उसने व पत्नी मीना टहलयानी के नाम उपनिबंधक कार्यालय सदर के यहां पर 24 जुलाई 2014 को भूमि का एग्रीमेंट कराते हुए 24 लाख रुपये आरटीजीएस व चेक के माध्यम से दिए। विपक्षियों ने आश्वासन दिया कि जब चाहे वह भूमि की रजिस्ट्री करा ले। लेकिन, रुपया लेने के बाद उक्त लोग भूमि की रजिस्ट्री कराने की बात को टालते रहे। परेशान होकर उसने 19 दिसंबर 2023 को नोटिस भी भेज दिया।
बाद में पता चला कि उक्त लोगों ने राजकुमार पुत्र जगन्नाथ निवासी छोटी मस्जिद के पास मसीहागंज एवं नरेंद्र सिंह निवासी बरुआपुरा से मिलकर भूमि को बेच दिया। इसका उलाहना देने वह जब वीरेंद्र व उसके परिजनों से मिले तो वह सभी खरीदने वाले के साथ मिलकर 10 करोड़ की मांग कर धमका लगे। उक्त लोगों की धमकी से कमल किशोर व उसका परिवार भयभीत बना हुआ है। इसकी शिकायत कमल ने एसएसपी से की। एसएसपी के आदेश पर सीपरी बाजार पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।