सर्दी खत्म होने को हैं और जनपद के एक लाख 38 हजार विद्यार्थियों के स्वेटरों की खरीद के लिए शासन ने आधी धनराशि एक करोड़ 39 लाख रुपये दी है। ऐसे में निर्धारित दो सौ रुपये का स्वेटर सौ रुपये में कैसे खरीदे, इस पर शिक्षकों के माथे पर बल पडे़ हुए हैं।
परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को स्वेटर देने के लिए शासन ने योजना बनाई थी। यह योजना जैम पोर्टल पर निदेशालय स्तर से हो रही खरीद प्रक्रिया के कारण कारगर नहीं हो सकी। ऐसे में शासन ने प्रदेश के सभी जिलों में धनराशि आवंटित की, ताकि विद्यार्थी सर्दी में स्वेटर पहन सके। यह धनराशि झांसी को भी मिली, लेकिन सिर्फ 50 प्रतिशत। जबकि जनपद के विद्यार्थियों के लिए करीब दो करोड़ 74 लाख रुपये का बजट है। विभाग के अनुसार प्रत्येक विद्यार्थी के लिए महरून कलर का स्वेटर निर्धारित दो सौ रुपये में खरीदना है। इसके लिए विद्यालय प्रबंध समिति के खातों में पैसा स्थानांतरण कर दिया गया है। वहीं कई शिक्षकों ने बताया कि दो सौ रुपये का स्वेटर सौ रुपये में कैसे मिलेगा। इसके अलावा स्वेटर क ी गुणवत्ता की जांच भी होगी। बीएसए हरिवंश कुमार ने बताया कि सभी विद्यार्थी को स्वेटर मिलेगा। जल्द ही दूसरी किश्त भी आ जाएगी, इससे शिक्षकों को परेशानी नहीं होगी।