झांसी। मेडिकल कॉलेज का सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक अगले सप्ताह से फिर चालू हो जाएगा। कोरोना के घटते मामलों के मद्देनजर कॉलेज प्रशासन ने ये फैसला लिया है। ऐसे में ह्रदय, गुर्दा, न्यूरो के मरीजों को और बेहतर इलाज मिल सकेगा।
प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत बनी सुपर स्पेशियलिटी बिल्डिंग का शुभारंभ आठ दिसंबर 2019 में हुआ था। मार्च 2020 में कोरोना काल शुरू हो जाने के बाद से इस ब्लॉक का उपयोग कोविड बिल्डिंग के रूप में होने लगा। दूसरी लहर खत्म होने के बाद सभी छह विभागों में सुपर स्पेशिलिस्टों ने इलाज शुरू ही किया था कि तीसरी लहर शुरू हो गई। ऐसे में इस ब्लॉक को कोविड रोगियों के इलाज के लिए रिजर्व कर दिया गया। लगभग दो महीने बाद अगले सप्ताह से सभी छह विभागों में सेवाएं फिर शुरू होने जा रही हैं। ऐसे में ह्रदय, गुर्दा, न्यूरो आदि बीमारियों के मरीजों को प्राइवेट या फिर दूसरे शहरों की भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी।
छह विभागों की यूनिट बनी हैं
बिल्डिंग में नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, न्यूरो सर्जरी और प्लास्टिक सर्जरी विभाग की अलग यूनिट बनी हैं। यहीं पर सभी छह विभाग की ओपीडी की सुविधा है। हर विभाग में मरीजों को भर्ती करने के लिए वार्ड हैं, जिसमें 60-60 बेड हैं। यहां पर मॉड्यूलर ओटी भी बनी हुई है। हर यूनिट में आधुनिक मशीनें भी हैं।
सोमवार या फिर बुधवार से सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक की शुरूआत हो सकती है। इसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ब्लॉक में भी कोविड के सिर्फ आठ मरीज भर्ती हैं। - डॉ. एनएस सेंगर, प्राचार्य, मेडिकल कॉलेज।