मेडिकल कॉलेज का सुपर स्पेशयलिटी ब्लॉक।
झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में जल्द ही मरीजों के लिए आईपीडी (भर्ती होने की सुविधा) मिलने लगेगी। शासन के निर्देश पर अगले सप्ताह कॉलेज प्रशासन आईपीडी शुरू कर सकता है। अब तक सिर्फ ब्लॉक में ओपीडी ही चल रही थी।
मेडिकल कॉलेज में तीन महीने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक का शुभारंभ किया था। इसके साथ ही ब्लॉक में ओपीडी की सुविधा शुरू हो गई। मौजूदा समय में नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, प्लास्टिक सर्जरी की ओपीडी चल रही है। पांच मंजिला इस इमारत में वार्ड, ऑपरेशन थिएटर, मॉड्यूलर ओटी भी बनी हुई है। बिल्डिंग के शुभारंभ के बाद ही इसको हैंडओवर करने की प्रक्रिया चल रही थी कि भूतल से लेकर पांचवीं मंजिल तक इमारत में दरार आ गई। इसकी जांच चल रही है। अब शासन के निर्देश पर सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में अगले सप्ताह से आईपीडी की सुविधा शुरू होने जा रही है। इसके साथ ही मरीजों को भर्ती करना शुरू कर दिया जाएगा।