झांसी में सहारा इंडिया के चेयरमैन सुब्रत राय सहारा समेत सहारा इंडिया के आठ अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ सीपरी बाजार थाने में धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एफआईआर सिविल लाइन निवासी संतोष कुमार गौड़ पुत्र प्रेमकिशोर गौड़ की तहरीर पर दर्ज की गई। भुक्तभोगी ने पुलिस को बताया कि कुछ वर्ष पहले उसने सहारा इंडिया की निवेश स्कीम से प्रभावित होकर पैसे जमा किए थे। इसके बाद परिपक्वता अवधि पूरी होने के बाद भी रकम नहीं लौटाई गई।
संतोष की तहरीर पर सीपरी बाजार पुलिस ने सहारा चैयरमैन सुब्रत राय निवासी सहारा शहर, लखनऊ, ओपी श्रीवास्तव वाइस चैयरमैन निवासी सहारा शहर, स्वपना राय वाइस चैयरमैन, जिया कादरी कंट्रोलिंग विभाग, अलख कुमार सिंह डायरेक्टर निवासी लखनऊ, धीरेंद्र रावत ब्रांच मैनेजर निवासी सीपरी बाजार, राजेश सिंह रीजनल मैनेजर सहारा इंडिया, आशिक चौराहा, वीरेंद्र सिंह सेक्टर मैनेजर, आशिक चौराहा के खिलाफ आईपीसी की धारा 420, 406, 34 के तहत मामला दर्ज किया है।
एसएसपी शिवहरि मीना के मुताबिक तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। मामले की विवेचना शुरू करा दी गई है। बता दें, सहारा निवेशक पिछले काफी दिनों से परेशान हैं। कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की मांग को लेकर निवेशक एसएसपी कार्यालय का घेराव भी कर चुके थे।