सुबह होने से पहले ही दस जगह पकड़ी बिजली चोरी
झांसी। बिजली विभाग की विजिलेंस टीम ने बुधवार की सुबह चार बजे से बिजौली, बैदौरा, भेल में चेकिंग कर सात जगह बिजली चोरी पकड़ ली। इसी तरह एक अन्य टीम ने पुलिया नंबर नौ में तीन जगह कटिया डालकर की जा रही चोरी पकड़ी।
बिजली अधिकारी मानकर चल रहे हैं कि साधारण चोरियां लगभग बंद हो गई हैं। अब लोग रात में ही कटिया डालकर या अन्य साधनों से चोरी करते हैं। सुबह होते ही स्थिति को ठीक कर दिया जाता है। इसलिए विभाग ने अब सुबह- सुबह उजाला होने से पूर्व ही चेकिंग करना शुरू कर दिया है। बुधवार की सुबह चार बजे से विजिलेंस टीम ने निरीक्षक जुबेर अहमद के नेतृत्व में बिजौली, बैदोरा व भेल में चेकिंग की। इस दौरान सात लोगों को कटिया डालकर बिजली चोरी करते पकड़ा गया। टीम में अवर अभियंता पवन आर्या आदि शामिल थे। इसी तरह उपखंड अधिकारी कन्हैयालाल के नेतृत्व में पुलिया नंबर नौ में चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान तीन लोगों को कटिया डालकर बिजली चोरी करते पकड़ा गया। बिजली चोरी में पकड़े गए उक्त सभी लोगों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
स्टोर रीडिंग पकड़ने पर मीटर रीडर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
झांसी। मिशन कंपाउंड में रहने वाले एक उपभोक्ता के मीटर में स्टोर रीडिंग पकड़ने पर एक मीटर रीडर के खिलाफ सीपरी बाजार थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
सीपरी बाजार थाने में दी तहरीर में महानगर में बिजली बिल बनाने वाली मेसर्स पेस कंप्यूटर सर्विसेज के सुपरवाइजर जफर खान ने बताया कि विगत 10 अक्तूबर को उपखंड अधिकारी व कंपनी मैनेजर ने मिशन कंपाउंड में रहने वाली उपभोक्ता रंजना तिवारी पत्नी अखिलेश तिवारी के मीटर में स्टोर रीडिंग का मामला पकड़ा था। मीटर रीडर पटेल नगर उरई निवासी मयंक कुमार ने उपभोक्ता को अनुचित लाभ देने के लिए मीटर में 21574 रीडिंग स्टोर कर रखी थी। तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।