अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। लर्निंग बाई डूइंग कार्यक्रम के तहत जनपद के 18 उच्च प्राथमिक/कंपोजिट विद्यालयों में लैब बनकर तैयार हो चुकी है। अब लैब के उपकरण खरीदने के लिए शासन से 2.60 लाख रुपये जारी किए गए हैं। लैब के जरिये विद्यार्थी टेलीस्कोप से लेकर सोलर कूकर तक बनाना सीखेंगे।
उच्च प्राथमिक अथवा कंपोजिट विद्यालयों में गतिविधियां आयोजित करने के लिए सामग्री खरीदने को प्रति विद्यालय 14,480 रुपये की दर से धनराशि जारी की गई है। ऐसे में झांसी के विद्यालयों के लिए बीएसए और सहायक वित्त एवं लेखाधिकारी को महानिदेशालय ने निर्देश दिए हैं कि राज्य परियोजना कार्यालय से धनराशि सीमा निर्धारण के दो दिन के अंदर विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में जारी कर दी जाए।
प्रयोगशाला में उपयोग की जाने वाली सामग्री की गुणवत्ता ठीक और खरीद नियमानुसार हो, ये जिम्मेदारी खंड शिक्षा अधिकारी को दी गई है।विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रबंध समिति के जरिये लर्निंग बाई डूइंग प्रयोगशाला के लिए लैब टूल्स, उपकरण अथवा सामग्री की क्रय करेंगे। इस लैब के जरिये विद्यार्थी मिट्टी और जल परीक्षण करना सीखेंगे। इसके अलावा, दूरदर्शी टेलिस्कोप, एलईडी टार्च, सोलर कुकर, तेल का दीपक, सोलर कार बनाना भी छात्र-छात्राओं को सिखाया जाएगा।
वहीं, प्लास्टिक की बोतल से खिलौना, गुड़ और मूंगफली से चक्की बनाना, पाइप की मदद से उपयोगी मॉडल, डस्टर, मोबाइल प्रोजेक्टर, प्लास्टिक बोतल में पौधे लगाकर किचन गार्डन तैयार करना तक विद्यार्थियों को सिखाया जाएगा। जरूरत के अनुसार, अध्यापक द्वारा भी लैब के लिए सामग्री की खरीद की जा सकती है।
वर्जन..
लर्निंग बाई डूइंग कार्यक्रम के तहत जनपद में प्रयोगशाला बनकर तैयार हो चुकी है। लिमिट जारी होने के बाद उपकरण भी प्राप्त हो जाएंगे। इस लैब के माध्यम से विद्यार्थी नवाचार सीख सकेंगे। - विपुल शिव सागर, बीएसए