झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के लार्ड बुद्धा हॉस्टल के मेस का खाना छात्रों को रास नहीं आ रहा है। खाने में इस्तेमाल में की जाने वाली सब्जियां रोजाना ताजी नहीं लाईं जाती हैं। वहीं, मेस और विजिटर रूम में एक-दो पंखे लगे हुए हैं इनमें से अधिकांश खराब हैं या गायब हैं। इससे छात्रों में आक्रोश है।
गर्मी के मौसम में सब्जियां ज्यादा देर रखने लायक नहीं रहती हैं। हॉस्टल के छात्रों का आरोप है कि लार्ड बुद्धा हॉस्टल में बोरों में भरकर इकट्ठी सब्जियां लाई जाती हैं तथा कई दिनों तक रखे रहने से इनकी गुणवत्ता प्रभावित हो जाती है। प्याज, टमाटर, बैगन, गोभी की हालत खराब है। छात्रों ने मौके पर जाकर देखा तो वहां खाना बनाने के लिए कटे हुए आलू में मसाले मिलाकर खुला रख दिया गया था। वह भी ठीक बाथरूम के बगल में। उसमें मक्खियां भिन-भिना रही थीं।
यही खाना छात्रों को खिलाया जाता है। वहीं, मेस में रखा एकमात्र फ्रिज भी खराब पड़ा हुआ है। फ्रिज अब कपड़े व अन्य सामान रखने के इस्तेमाल में आ रहा है। सब्जी में उपयोग किए जाने वाले मसाले भी खुले रखे हुए हैं। जबकि, ऊपर दीवारों पर जाले लटक रहे हैं। रूम नंबर 123 के पास रखा वाटर कूलर और बाथरूम के नल गायब है। हॉस्टल के छात्र भावेश यादव ने कहा कि कई बार अधिकारियों से शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
हाल ही में छात्रों की शिकायत पर हॉस्टल के पंखे बदलवाए गए हैं। खाना या किसी अन्य संबंध में छात्रों को शिकायत है, तो आकर मिलें। वार्डन से आख्या तलब कर समस्या हल कराई जाएगी। - वीएन सिंह, कुलसचिव