झांसी। थाना बड़ागांव स्थित झांसी - कानपुर राजमार्ग पर एक छात्र का शव मिला। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। घटनास्थल से पुलिस ने बाइक भी बरामद भी की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना मोंठ स्थित कुम्हरिया गांव निवासी संदीप (19) चिरगांव के एक महाविद्यालय में बीए का छात्र था। वह पार्ट टाइम शादी समारोह में वीडियोे बनाने का भी काम करता था। मंगलवार शाम वह काम की कहकर घर से निकला था। इसके बाद देर रात घर नहीं लौटा। परेशान परिजन संदीप की खोजबीन में जुट गए। मोबाइल नंबर न लगने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। देर रात परिजन रिश्तेदार व दोस्तों के यहां पता लगाते रहे, लेकिन पता नहीं चला।
बुधवार सुबह झांसी - कानपुर राजमार्ग स्थित थाना बड़ागांव स्थित दिगारा गांव के पास सड़क पर संदीप का शव खून से लथपथ हालत में मिला। सिर से खून बह रहा था। पास में ही खून से सना पत्थर भी मिला। मौके पर पहुंची पुलिस को बाइक भी मिली। तलाशी लेने के बाद पुलिस ने शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। खबर मिलते ही परिजनों मेें कोहराम मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने संदीप के रूप में शिनाख्त की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस ने अज्ञात पर एफआईआर दर्ज कर ली है।
खंगाली गई कॉल डिटेल
बड़ागांव पुलिस ने मृतक के मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल खंगाली है, जिसमें पुलिस को खास जानकारियां मिली हैं। देर रात घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। पुलिस अधीक्षक नगर श्रीप्रकाश द्विवेदी ने बताया कि जल्द ही पुलिस मामले का खुलासा करेगी।