विद्यालय द्वारा इंटरमीडिएट की परीक्षा का प्रवेश पत्र न दिए जाने पर एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से छात्रा के परिजनों में कोहराम मच गया। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भड़के आक्रोश के चलते परिजन छात्रा का शव लेकर स्कूल पहुंच गए और स्कूल परिसर में ही रखकर प्रदर्शन करने लगे। मामले की सूचना मिलने पर कई थानों की फोर्स मोके पर पहुंची।
यह मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवपुरी रोड पर स्थित महात्मा हंसराज पब्लिक स्कूल का है। शहर क्षेत्र में रहने वाले दिगंबर जैन महासमिति के मंत्री राजेंद्र जैन की पुत्री खुशी महात्मा हंसराज पब्लिक स्कूल में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। बता दें कि सीबीएसई और आईसीएसई की परीक्षाएं नजदीक आ चुकी हैं।
खुशी को विद्यालय द्वारा प्रवेश पत्र नहीं दिया जा रहा था। इससे खुशी परेशान थी। मानसिक रूप से परेशान खुशी ने कल रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसकी लाश आज सुबह परिजनों ने फंदे पर लटकती देखी।
आक्रोशित परिजन खुशी की लाश को लेकर विद्यालय पहुंच गए और लाश को विद्यालय परिसर में ही रख दिया। विद्यालय में हंगामा होने की स्थिति की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी।