झांसी में छात्रा की आत्महत्या के बाद मौजूद भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
इंटरमीडिएट की परीक्षा का प्रवेश पत्र विद्यालय द्वारा न दिए जाने पर एक छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से छात्रा के परिजनों में कोहराम मच गया। स्कूल प्रबंधन के खिलाफ भड़के आक्रोश के चलते परिजन छात्रा के शव को लेकर स्कूल पहुंच गए और स्कूल परिसर में ही रखकर प्रदर्शन किया। मामले की सूचना मिलने पर कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंची।
यह मामला सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के अंतर्गत शिवपुरी रोड पर स्थित महात्मा हंसराज पब्लिक स्कूल का है। शहर क्षेत्र में रहने वाले दिगंबर जैन महासमिति के मंत्री राजेंद्र जैन की पुत्री खुशी महात्मा हंसराज पब्लिक स्कूल में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। बताते चलें कि सीबीएसई और आईसीएसई की परीक्षाएं नजदीक आ चुकी हैं। खुशी को विद्यालय द्वारा प्रवेश पत्र नहीं दिया जा रहा था। इससे खुशी परेशान थी।
मानसिक रूप से परेशान खुशी ने शुक्रवार की रात अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। खुशी को शनिवार सुबह परिजनों ने फंदे पर लटके देखा। जिसके बाद आक्रोशित परिजन खुशी के शव को लेकर विद्यालय पहुंच गए और शव को विद्यालय परिसर में ही रख दिया। विद्यालय में हंगामा होने की स्थिति की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की छानबीन शुरू कर दी। परिजन शव उठाने को तैयार नहीं हैं। दोनों पक्षों के बीच वार्ता का दौर जारी है।