मोंठ। क्षेत्र में हो रही लगातार बारिश के कारण पहूज नदी का जलस्तर बढ़ गया है। यूपी-एमपी बॉर्डर के समीप भांडेर मार्ग पर स्थित पहूज नदी के रपटे पर तेज बहाव के चलते पानी चढ़ गया है। जिससे आमजन के लिए खतरा बढ़ गया है। हालात को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने एहतियातन रपटे को अस्थायी बंद कर दिया है।
थाना प्रभारी संदीप वर्मा ने बताया कि रपटे पर पानी होने के बावजूद कुछ लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करने की कोशिश कर रहे थे। ऐसे में किसी भी प्रकार की दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इसे देखते हुए प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रपटे को बांस और बल्लियों की सहायता से अस्थायी बंद करवा दिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक जलस्तर सामान्य नहीं हो जाता, तबतक इस मार्ग का प्रयोग न करें। नागरिकों को वैकल्पिक मार्ग से ही आवागमन करने की सलाह दी गई है। लगातार हो रही बारिश के चलते नदी का जलस्तर और बहाव कभी भी खतरनाक स्थिति में पहुंच सकता है, इसलिए सतर्कता जरूरी है।