- लोगों को आवागमन में करना पड़ता है परेशानी का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
टहरौली। तहसील मुख्यालय को रोशन करने के लिए ग्राम पंचायत, विधायक निधि, एमएलसी निधि व ब्लॉक स्तर से लाखों रुपये खर्च कर लगाई गईं सौर ऊर्जा व इलेक्ट्रिक स्ट्रीट लाइटें काफी समय से खराब हैं। रखरखाव के अभाव में अधिकांश लाइटें एक वर्ष से बंद हैं। कई स्थानों पर सोलर प्लेट व बैटरियां भी गायब हो चुकी हैं। इससे कस्बे के प्रमुख मार्गों व बाजार में शाम ढलते ही अंधेरा छा जाता है।
टहरौली किला व टहरौली खास में ग्राम पंचायत निधि से सोलर पैनल सिंगल लाइटें लगाई गईं थीं। इसके अलावा बस स्टैंड पर आदर्श जनप्रिय इंटर कॉलेज के पास, बिजना तिराहा पर विधायक निधि, एमएलसी निधि एवं ब्लॉक स्तर से इलेक्ट्रिक पैनल स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं थीं। स्थानीय लोगों ने बताया कि लाइटें लगने के बाद कुछ समय तक तो व्यवस्था ठीक रही, लेकिन इसके बाद लाइट खराब होने लगीं, फिर सुध नहीं ली गई। स्ट्रीट लाइटें बंद होने से बस स्टैंड सहित कस्बे के प्रमुख बाजारों में शाम से ही अंधेरा छा जाता है। दुकानदार रामकुमार सोनी, देवेंद्र राय, रामलाल साहू, मोनू गुप्ता ने कहा कि बाजार में अंधेरा होने से दुकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता रहती है। भाजपा नेता रवींद्र सोनी, गौरव गुप्ता, मान सिंह कुशवाहा, डॉ ओमप्रकाश गुप्ता, अन्नू आर्य, प्रमोद लक्ष्यकार, सीपू यादव ने सभी स्ट्रीट लाइटों का सर्वे कराकर जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
इस संबंध में प्रधान अमित जैन ने बताया कि कस्बे की खराब स्ट्रीट लाइटों को चिह्नित कर लिया गया है, तीन दिनों में खराब लाइटों को बदलवाकर उन्हें दुरुस्त करा दिया जाएगा। वहीं, एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने बताया कि ठेकेदार को निर्देशित कर जल्द ही खराब लाइटों को सही करवा दिया जाएगा।