अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नगर निगम के अतिक्रमण रोधी दस्ते ने बृहस्पतिवार को गोविंद चौराहे से सैंयर गेट के बीच अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। अपर नगर आयुक्त राहुल यादव की अगुआई में यह दस्ता शाम करीब चार बजे पहुंचा। अतिक्रमण के कारण यहां यातायात की समस्या थी और सड़क का काफी हिस्सा दुकानदारों ने घेर रखा था।
दस्ते के पहुंचते ही पटरी कारोबारी अपनी दुकानें लेकर भाग निकले। निगम अफसरों ने दुकानदारों को अल्टीमेटम देकर पटरी खाली कराई। इस दौरान कुछ जगहों पर निगम अफसरों और दुकानदारों के बीच नोकझोंक भी हुई, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी से विवाद अधिक नहीं बढ़ा। करीब दो घंटे चली इस कार्रवाई में दस्ते ने आठ गुमटी और ठेले जब्त किए, जिन्हें नगर निगम ले जाया गया। अपर नगर आयुक्त के अनुसार, यह अतिक्रमणरोधी अभियान आगे भी जारी रहेगा।