स्ट्रीट लाइट से की जा रही थी बिजली चोरी
झांसी। बुधवार को विद्युत विभाग की विजलेंस टीम ने कई जगहों पर छापेमारी कर बिजली चोरी पकड़ी। एक व्यक्ति तो स्ट्रीट लाइट से बिजली चोरी कर रहा था। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है।
महानगर में विजलेंस की टीम ने 15 घरों अथवा दुकानों की जांच की। सबसे पहले इलाइट चौराहे स्थित तिलक मार्केट में छापेमारी की। यहां दो दुकानों पर बिजली चोरी पकड़ी गई। इसके बाद टीम इलाइट चौराहे के पीछे गनी कंपाउंड पहुंची। यहां पर एक मीट की दुकान से दूसरी दुकान के लिए बिजली का तार गया था। हालांकि, वह दुकान बंद थी। इसको बिजली चोरी माना गया। इसके बाद विजलेंस की टीम ने ग्वालटोली में दो घरों में भी बिजली चोरी पकड़ी। एक घर में मीटर के पहले कट लगा हुआ था, जबकि दूसरी घर में स्ट्रीट लाइट से विद्युत चोरी की जा रही थी। विद्युत चोरी करने पकड़े गए पांचों लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा रहा है। छापेमारी के दौरान एसआई एसके द्विवेदी, विद्युत विभाग के उप खंड अधिकारी आलोक प्रकाश व अवर अभियंता अमित सक्सेना मौजूद रहे।