संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के एसी कोच में मानसिक रूप से बीमार युवक ने पथराव कर दिया। पत्थर खिड़की से अंदर नहीं गया, वरना कई यात्रियों को चोट लग सकती थी। युवक अर्द्धनग्न हालत में था। गोद में बच्ची और हाथ में चाकू लेकर काफी देर तक हंगामा करता रहा। सूचना पर पहुंची आरपीएफ ने उसकी खोजबीन की, लेकिन इससे पहले वह कहीं चला गया।
हजरत निजामुद्दीन से चलकर यशवंतपुर की ओर जाने वाली 12650 कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस रविवार की दोपहर 1.10 बजे झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर पहुंची। यात्री ट्रेन से उतरे और कुछ यात्री इसमें सवार हुए। इसी बीच एक अर्द्धनग्न अवस्था में मौजूद युवक ने ट्रेन के एसी कोच पर पत्थर मारने लगा। इसे देख यात्रियों में अफरातफरी का माहौल हो गया। घटना की सूचना प्लेटफॉर्म पर मौजूद किसी व्यक्ति ने आरपीएफ को दी। जब तक सुरक्षा बल के जवान मौके पर आते, वह भाग खड़ा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवक मानसिक रूप से बीमार दिखाई दे रहा था और यहां उल-जुलूल हरकतें कर रहा था। बताया गया कि युवक को ट्रेन से नीचे उतारा गया। इससे गुस्साकर उसने यह हरकत की। वहीं, मानसिक रूप से बीमार युवक को जब कुछ यात्रियों ने पत्थर मारने से रोकने की कोशिश की तो वह उन्हीं पर हमलावर हो गया। यात्री जान बचाकर भागे, लेकिन वह चाकू लेकर उनके पीछे-पीछे दौड़ता रहा। आरपीएफ इंस्पेक्टर विजेंदर कुमार ने बताया कि प्लेटफॉर्म पर मानसिक रूप से बीमार युवक के हरकतों की सूचना प्राप्त हुई थी। जांच करने पुलिस मौके पर पहुंची को युवक वहां से भाग चुका था।