झांसी। खेल विभाग की ओर से मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता 26 फरवरी से तीन मार्च तक आयोजित की जा रही है। प्रतियोगिता में 18 मंडल एवं पांच छात्रावास समेत 23 टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को सुबह 11:30 बजे मुख्य अतिथि जिला सत्र न्यायाधीश पीएन मिश्र व विशिष्ट अतिथि मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ईश्वरचंद कनौजिया व ज्युडीशियल मजिस्ट्रेट अनुराग यादव एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सुबोध खांडेकर द्वारा किया जाएगा। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने बताया कि राज्य स्तरीय सब-जूनियर बालक हॉकी प्रतियोगिता में प्रदेश की 23 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, देवीपाटन, बस्ती, गोरखपुर, मिर्जापुर, आगरा, बरेली, सहारनपुर, लखनऊ, आजमगढ़, झांसी, चित्रकूट, अलीगढ़, मेरठ, अयोध्या और मुरादाबाद मंडल के साथ लखनऊ छात्रावास, रामपुर छात्रावास, वाराणसी छात्रावास, झांसी छात्रावास, सैफई छात्रावास की टीमें प्रतिभाग कर रहीं हैं। प्रतियोगिता में राजेश सोनकर, सुनील कुमार, ब्रजेश यादव, अनवर अली, अमित सिंह, प्रिंस, ताजमुल जैदी, मो. हम्मद अरफीक, सुशील महर्षि, सुनीता तिवारी, आशा, जावेद अल्ताफ निर्णायक एवं अंपायर की भूमिका निभायेंगे। संवादी