झांसी। सूती मिल और उन्नाव गेट सब स्टेशन से जुड़े लोगों को दस सितंबर तक छह घंटे की कटौती का सामना करना पड़ेगा। शनिवार से दुनारा से सूती मिल व उन्नाव गेट तक आने वाली हाइटेंशन लाइन की मरम्मत का काम फिर शुरू कर दिया गया है। शनिवार को छह घंटे से अधिक समय तक बिजली न रहने के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
विद्युत माध्यमिक कार्य खंड ने मैनपुरी की अमित इंजीनियरिंग कंपनी से दुनारा से सूती मिल और उन्नाव गेट तक नई 33 केवीए लाइन तीन करोड़ की लागत से बिछावाई थी। इस लाइन को जून 2015 में चालू कर दिया गया था।
एक ही खंभे से 33 केवीए के दो सर्किट आए हैं, जिसमें एक से सूती मिल और एक से पंचवटी सब स्टेशन जुड़ा हुआ है। सूती मिल सर्किट लगातार फाल्ट के कारण बंद है और एक ही सर्किट से दोनों सब स्टेशन में करंट दौड़ाया जा रहा है। संबंधित कंपनी ने दूसरे सर्किट की मरम्मत का काम शनिवार से शुरू कर दिया। यह काम दस सितंबर तक चलेगा। इस कारण प्रतिदिन सुबह छह बजे से दोपहर बारह बजे तक संबंधित क्षेत्रों की बिजली गुल रहेगी। शनिवार को सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक बिजली को बंद कर कार्य किया गया।
ये प्रमुख मोहल्ले प्रभावित
आर्मी, इंडस्ट्रीयल दरिया, एचपीसीएल इमरजेंसी, ग्रासलैंड, कांशीराम कॉलोनी व अंसल कॉलोनी अयोध्या पुरी, अंदर- बाहर उन्नाव गेट, पंचवटी, शीतल कॉलोनी, थापक बाग, अलीगोल, नाले का बाग, आईटीआई सिद्धेश्वर नगर, नया गांव, महेंद्र पुरी कॉलोनी, पाल कॉलोनी, भांडेरी गेट, मेवातीपुरा, पठौरिया, ग्वालियर रोड क्रासिंग और उन्नाव बालाजी रोड के पच्चीस किलोमीटर क्षेत्र में बसे गांव।