झांसी। सीनियर रेलवे इंस्टीट्यूट पर आयोजित डॉ. वृंदावन लाल वर्मा लीग कम नॉक आउट क्रिकेट प्रतियोगिता में एसएस क्लब और एमडीएसए-ए टीमों ने अपनी प्रतिद्वंद्वी टीमों को शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला एसएस क्लब और एमडीएसए-बी टीमों के बीच खेला गया। एसएस क्लब के कप्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 174 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जिसमें बल्लेबाज मनीष चंडालिया के 33 गेंदों में सात चौके लगाकर शानदार 56 रन बनाए। दीपक कुमार ने 41, हर्ष राय ने 23 रनों का योगदान दिया। एमडीएसए-बी की ओर से यश राज और उत्कर्ष गुप्ता ने दो-दो, निहाल और ऋषि ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमडीएसए-बी की टीम 20 ओवर में पांच विकेट खोकर 122 रन ही बना सकी। जिसमें बल्लेबाज संदीप दुबे ने 35, विनय झा ने 25 और रिषभ यादव ने 15 रन बनाए। एसएस क्लब की ओर से राजेश, हर्ष राय और दीपक ने एक-एक विकेट प्राप्त किया। मनीष चंडालिया को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया।
प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला एमडीएसए-ए और आर्यन क्लब के बीच आयोजित हुआ। एमडीएसए-ए टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एमडीएसए-ए ने 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 140 रनों का सम्मानजनक स्कोर बनाया। जिसमें राहुल ठाकुर ने 38 गेंदों में सात चौके और एक छक्का लगाकर शानदार 59 रन बनाए। सुमित कुलकर्णी ने 15 रनों का योगदान दिया। आर्यन क्लब की ओर से मयंक, उदयभान और शैलेंद्र ने दो-दो, सक्षम और आकाश ने एक-एक विकेट प्राप्त किया।
जवाब में आर्यन क्लब की टीम 20 ओवरों में नौ विकेट खोकर 115 रन ही बना सकी। जिसमें बल्लेबाज असद खान ने 32, शैलेंद्र ने 27 और अभय प्रताप ने 15 रन बनाए। एमडीएसए-ए की ओर से धर्मेंद्र कुशवाहा ने दो एवं विवेक तिवारी, राहुल ठाकुर, कार्तिक यादव और सुमित कुलकर्णी ने एक-एक विकेट हासिल किया। राहुल ठाकुर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के अंपायर मोहम्मद परवेज खान, पीयूष नामदेव और अलीम वेग रहे। स्कोरर बृजेंद्र सिंह एवं निखिल मिश्रा मैच ऑब्जर्वर रहे। इस मौके पर जेडीसीए निदेशक संजय साहनी, विवेक खत्री, निखिल मिश्रा, रविशंकर चौबे, प्रतीक मजूमदार, अलीम बेग, मुकेश मेहरा, संजय सदाशिव टंडन, रितेश शर्मा, संजीव शुक्ला, हरीश कुशवाहा आदि मौजूद रहे।