झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में बनाए गए जिमनास्टिक हॉल को आधुनिक और वातानुकूलित बनाया गया है। हॉल के भीतर खिलाड़ियों पर नजर रखने के लिए आठ कैमरों के साथ दस एलईडी को लगाया गया है। निगरानी के लिए कंट्रोल रूम को बनाया गया है। कंट्रोल रूम में बैठे कोच खिलाड़ियों की हर गतिविधियों पर नजर रखेगे। इसके अलावा एलईडी पर देखकर खिलाड़ी खुद भी सुधार कर सकते हैं।
स्टेडियम के भीतर लगभग दो साल पहले जिमनास्टिक हॉल का निर्माण कार्य को शुरू किया गया था। जिसके निर्माण कार्य की जिम्मेदारी कल्याण निर्माण निगम को दी गई थी, जिसके लगभग साढ़े तीन करोड़ की लागत से हॉल का निर्माण कराया गया है। जिसकी लंबाई 36 मीटर व चौड़ाई 20 मीटर है। हॉल के भीतर सिंथेटिक पीयू फ्लोरिंग, शौचालय, आरओ प्लांट, चेंजिंग रूम, स्टाफ रूम, फॉल सीलिंग, आधुनिक लाइटों के अलावा दिव्यांगजनों के लिए भी शौचालय का निर्माण कराया गया है। हॉल को वातानुकूलित बनाने के लिए चार-चार टन के अठारह एयर कंडीशन लगाए गए हैं। वहीं, दिवारों का निर्माण भी अत्याधुनिक तरीके से कराया गया है। हाल में अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों के खेल पर निगाह रखने के लिए एक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिसमें एक एलईडी को लगाया गया है। कंट्रोल रूम में बैठकर कोच खिलाड़ियों के खेल की हर गतिविधियों पर नजर रखेगे। साथ ही खिलाड़ी भी अपने खेल में सुधार कर सकेंगे।
इस संबंध में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर ने बताया कि जिमनास्टिक हॉल में एक कंट्रोल रूम को बनाया गया है। वहीं हॉल में आठ कैमरों के साथ ही दस एलईडी को लगाया गया है।