अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। दो फरवरी को वसंत पंचमी के स्नान के लिए यात्रियों को कुंभ पहुंचाने के लिए शनिवार को रेल प्रशासन द्वारा विशेष ट्रेनों का संचालन किया जाएगा, जो रूट के सभी स्टेशनों पर ठहराव लेते हुए आगे बढ़ेंगी।
वीरांगना लक्ष्मीबाई, झांसी रेलवे स्टेशन से पहली ट्रेन सुबह चार बजे चलाई जाएगी। इसके बाद सुबह 10:10 और दोपहर 12 बजे ट्रेनें प्रयागराज के लिए जाएंगी। वहीं, वीरांगना लक्ष्मीबाई, झांसी रेलवे स्टेशन से सुबह 6:10 बजे ट्रेन संख्या 01801 स्पेशल ट्रेन रवाना की जाएगी, जो कानपुर होते हुए प्रयागराज पहुंचेगी।
जबकि, रात 8:10 पर रिंग रेल स्पेशल प्रयागराज के लिए प्रस्थान करेगी। इसके अलावा झांसी रेल मंडल के ग्वालियर, बीना, बांदा व गोविंदपुरी से मेला स्पेशल गाड़ियां संचालित की जाएंगी।