झांसी। महानगर में कई जगह टूटे, झुके और जंग के कारण गल चुके बिजली के खंभे लोगों के लिए खतरा बने हुए हैं। इन खंभों से कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
महानगर के तलैय्या मोहल्ले में एयरटेल टावर के पास नैनागढ़ नगरा, प्रेमनगर, और बड़ागांव नगर पंचायत तकियापुरा के क्षेत्र में लगे बिजली के खंभे इतने ज्यादा जर्जर हो गए हैं कि वह टूटने की कगार पर हैं। कभी भी इन खंभों से बड़ा हादसा हो सकता है।
तलैय्या मोहल्ले में खंभों से एयरटेल टावर के लिए हाइटेंशन लाइन गुजारी गई है, यह लोगों की छतों पर से गुजरी है। मोहल्ले की रहने वाली अनीता खरे, ममता, राहुल गौतम, लक्ष्मी देवी और मोहित ने बताया कि इन खंभों की चपेट में आकर पहले भी एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और एक युवक झुलस गया था, जिसका बाद में हाथ काटना पड़ा था। बिजली विभाग में कई बार शिकायत की इसके बाद भी खंभों को नहीं हटाया गया। वहीं, नगर पंचायत बड़ागांव के इंत्तेखाब आलम ने बताया कि झुके हुए खंभे कभी भी गिर सकते हैं। इनकी शिकायत कई बार बिजली के अधिकारियों से की। इसके बाद भी झुके खंभे नहीं हटाए गए हैं। इन समस्याओं को लेकर नगरा जेई चंद्रभान सिंह का कहना है कि खंभों के जर्जर होने की हमें जानकारी नहीं थी। इन खंभों को जल्द ही बदलवाया जाएगा।