बबीना सैन्य क्षेत्र में मंगलवार की रात ड्यूटी के दौरान पूछताछ करने पर जवान प्रदीप कुमार की दूसरे फौजी ने लोहे के पाने से हमला कर हत्या कर दी। मृतक जवान मैनपुरी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी फौजी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपी को सेना व सिविल पुलिस की संयुक्त अभिरक्षा में रखा गया है। बुधवार को एसएसपी व अन्य अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।
मंगलवार की रात बबीना सैन्य क्षेत्र की एक चौकी पर कुछ जवान सुरक्षा में तैनात थे। इसी बीच जवानों ने एक व्यक्ति को अंधेरे में आता देखा। जवानों ने आवाज लगाकर पूछताछ की तो वह व्यक्ति कुछ बोले बिना ही आगे जाकर छुप गया। पीछे मैनपुरी के शिवपुरी क्षेत्र के भोगांव निवासी जवान प्रदीप कुमार पहुंच गए और उन्होंने उक्त व्यक्ति को पकड़ लिया। इस पर व्यक्ति ने उन पर लोहे के पाने से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। भागकर पहुंचे साथी जवानों ने हमला करने वाले व्यक्ति को पकड़ लिया। बाद में पता लगा कि हमला करने वाला व्यक्ति भी फौजी है और वह बबीना में ही तैनात है। आनन फानन में प्रदीप कुमार को सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।
इधर, सूचना पर सेना के अधिकारी व बबीना पुलिस मौके पर पहुंच गई। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया। बुधवार को एसएसपी डॉ. ओमप्रकाश सिंह, एसपी सिटी श्रीप्रकाश द्विवेदी, सीओ सदर संग्राम सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। सेना के अधिकारियों से बातचीत की। वहीं, पुलिस ने मृतक जवान के भाई नवीन कुमार यादव की तहरीर पर आरोपी राजीव भराली के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक ईश्वर सिंह ने बताया कि आरोपी को सेना एवं बबीना पुलिस की संयुक्त कस्टडी में रखा गया है। जांच चल रही है।