अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। करारी में खुद की जमीन बेचकर भू स्वामी ने सरकारी भूमि पर लोगों को कब्जा दे दिया। शुक्रवार को नगर निगम, जेडीए और तहसील प्रशासन की टीम ने जांच-पड़ताल के बाद बुलडोजर चलाकर 40 डिसमिल जमीन कब्जा मुक्त कराई।
मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत झांसी विकास प्राधिकरण करारी और रुंदकरारी में एक हजार एकड़ में नया शहर बसा रहा है। यहां पर 650 एकड़ भूमि की खरीद भी की जा चुकी है। नगर निगम की भी जमीन जेडीए को मिल गई है। इसमें कुछ जमीन पर कब्जा है। सरकारी जमीन को कब्जामुक्त कराने के लिए प्रयास जारी था। शुक्रवार को नगर निगम की टीम जेडीए और तहसील प्रशासन के साथ करारी पहुंची।
जमीन की पैमाइश कराई गई तो पता चला कि सरकारी भूमि पर तीन प्लॉटों की बाउंड्रीवाल बना दी गई है। बुलडोजर चलाकर इसे ध्वस्त करवा दिया गया। अपर नगर आयुक्त मो. कमर ने बताया कि करीब 40 डिसमिल जमीन कब्जामुक्त कराई गई है। भू स्वामी ने अपनी जमीन बेचकर सरकारी भूमि पर कब्जा दे दिया था। कार्रवाई के बाद टीम ने रास्ते में मिले जमीन खरीदने वालों को जानकारी दी कि ये सरकारी भूमि है।