अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। झांसी में एक साल में ही सौर ऊर्जा का उत्पादन लगभग दोगुना हो गया। निजी कंपनियों की ओर से जिले में स्थापित 253 मेगावाट के सोलर प्लांट रोजाना पावर ग्रिड को 10 लाख यूनिट बिजली आपूर्ति कर रहे हैं। झांसी में प्रतिदिन बिजली की खपत ही 280 मेगावाट है।
जिले में विभिन्न स्थानों पर सोलर प्लांट लगवाया जा रहा है। अब तक 253 मेगावाट के सोलर प्लांट स्थापित हो चुके हैं। इनसे रोजाना 10 लाख यूनिट बिजली पावर ग्रिड को दी जा रही है। - वीरेंद्र जैन, परियोजना अधिकारी, नेडा
लखनऊ में इंवेस्टर समिट के बाद पिछले एक साल में तेजी से सोलर प्लांट स्थापित किए गए। झांसी में सबसे पहले वर्ष 2012-13 में एक मेगावाट का अल्ट्रा मेगा सोलर प्लांट लगाया गया था। इसके बाद 2022 तक अलग-अलग स्थानों पर निजी कंपनियों ने 112 मेगावाट के सोलर प्लांट स्थापित किए थे। 2023 में मोंठ, बबीना, गुरसराय समेत विभिन्न इलाकों में अब तक 140 मेगावाट के सोलर प्लांट लगाए गए। ऐसे में जनपद में कुल 253 मेगावाट के सोलर प्लांट लग चुके हैं।
विशेषज्ञों के मुताबिक, एक मेगावाट का सोलर प्लांट प्रतिदिन लगभग पांच हजार यूनिट बिजली पावर ग्रिड को देता है। ऐसे में रोजाना करीब 10 लाख यूनिट बिजली सोलर पैनल से पावर ग्रिड को जा रही है। बताया गया कि अभी गरौठा में ही 600 मेगावाट, गरौठा के अस्ता गांव में 15 मेगावाट, बबीना में 100 मेगावाट के सोलर प्लांटों की स्थापना की जा रही है। ऐसे में आने वाले समय में झांसी जिले में बिजली की मांग से ज्यादा उत्पादन होने लगेगा।
सरकारी कार्यालयों का भी चल रहा सर्वे
अभी मेडिकल कॉलेज, विकास भवन, जनपद न्यायालय, बीआईईटी समेत कई सरकारी कार्यालयों में भी सोलर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। बचे हुए सरकारी कार्यालयों का सर्वे चल रहा है। वहां भी जल्द प्लांट की स्थापना की जाएगी।
हर महीने 250 घरों में लग रहा प्लांट, मिलती है सब्सिडी
झांसी। जिले में हर महीने 250 घरों में रूफटॉप सोलर प्लांट लग रहा है। यूपी नेडा के अधिकारियों के मुताबिक, रूफटॉप सोलर प्लांट के लिए पीएम सूर्य घर पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करना होता है। इसके बाद पंजीकृत वेंडर से व्यक्ति को सोलर प्लांट खरीदना पड़ता है। करीब एक महीने बाद सरकार से मिलने वाली सब्सिडी व्यक्ति के खाते में आती है। बताया गया कि एक किलोवाट के सोलर प्लांट पर 45 हजार, दो किलोवाट पर 90 हजार और तीन किलोवाट पर एक लाख आठ हजार रुपये सब्सिडी मिलती है। सोलर प्लांट की कीमत 60 से 65 हजार रुपये में प्रति किलोवाट है।