झारखंड से कोयला लेकर मध्य प्रदेश के बीना जा रही थी मालगाड़ी
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बुधवार को झांसी स्टेशन पर खड़ी कोयले से भरी मालगाड़ी से धुआं उठने लगा। रेल प्रशासन को जैसे ही घटना की जानकारी हुई तो आननफानन रेलकर्मी मौके पर जा पहुंचे और धुएं को शांत कराया।
तीन दिन पहले झारखंड के पलामू से कोयला लेकर विशेष मालगाड़ी बीना के लिए निकली थी। बुधवार सुबह 11.30 बजे जब मालगाड़ी झांसी स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर एक पर खड़ी थी। तभी उसके इंजन से 12वें वैगन में भरे कोयले से धुआं उठने लगा। देखते ही देखते धुआं बढ़ता चला गया। इस दौरान स्टेशन पर तैनात रेलकर्मी की नजर धुएं पर पड़ी और उसने सीएंडडब्ल्यू स्टाफ को घटना से अवगत कराया। इसके बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पर पहुंचे रेलकर्मियों ने प्लेटफॉर्म पर लगे वॉटर सिस्टम की मदद से धुएं को शांत कराया। साथ ही आसपास के वैगनों पर भी पानी का छिड़काव किया गया। मंडल रेल जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मालगाड़ी में भरे कोयले में हुए घर्षण के चलते धुआं उठा था। जिसे समय पर शांत कर दिया गया।