झांसी। जल्द ही विकलांग स्नातक -स्नाकोत्तर विद्यार्थियों को भारत सरकार के विकलांग जन सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय अधिकारिता मंत्रालय की ओर से डेवलपमेंट कारपोरेशन छात्रवृत्ति योजना के तहत दी जाएगी। इसमें पीजी के व्यावसायिक पाठ्यक्रम के लिए छह हजार रुपये प्रतिमाह चयनित छात्रों को मिलेंगे।
जिला विकलांग जन विकास अधिकारी सत्येंद्र कुमार के मुताबिक योजना के अंतर्गत देश के मान्यता प्राप्त संस्थाओं से स्नातक व स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में व्यवसायिक-तकनीकी शिक्षा के लिए 2500 छात्रवृत्तियां प्रदान की जा रही हैं, जो दस माह तक दी जाएंगी। इनमें 30 प्रतिशत छात्रवृत्तियां लड़कियों के लिए आरक्षित हैं। योजना के तहत आवेदक ऑनलाइन आवेदन www.nhfdc.nic.in पर करें। योजना के तहत छात्रों का भरण पोषण भत्ता व्यावसायिक स्नातक पाठ्यक्र म के लिए 250 रुपये तथा व्यावसायिक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए तीन हजार रुपये प्रति माह देय होगा। व्यावसायिक स्नातक पाठ्यक्रम के लिए 6 हजार रुपये तथा व्यावसायिक स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम के लिए 10 हजार रुपये पुस्तक /स्टेशनरी आदि के लिए भत्ता दिया जाएगा। विकलांग छात्रों के लिए इसके साथ ही उपकरण खरीदने के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना का लाभ पाने के लिए अभ्यर्थियों के परिवार की वार्षिक आय तीन लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। इसके अलावा आवेदक विकलांग अथवा अन्य विभाग से छात्रवृत्ति का लाभ न ले रहा हो। उनके अनुसार योजना के तहत आवेदन 30 जून 2016 तक किसी भी समय किया जा सकता है।