झांसी। लगभग पंद्रह दिन पहले जिला अस्पताल में लकवा के इंजेक्शन खत्म हो गए थे। जिसका खामियाजा गंभीर स्थिति में आने वाले मरीजों को भुगतना पड़ रहा था। अस्पताल प्रबंधन द्वारा लगातार पत्राचार भी किया जा रहा था। लेकिन इंजेक्शनों की आपूर्ति नहीं हो रही थी। अस्पताल के सीएमएस के प्रयास के चलते मुरादाबाद जिला अस्पताल से छह इंजेक्शन मिल गए हैं।
लकवा का अटैक होने पर मरीज को चार घंटे के भीतर ही अल्टीप्लेस इंजेक्शन (लकवा इंजेक्शन) का डोज देना आवश्यक होता है। तय समय सीमा के भीतर इंजेक्शन का डोज नही देने पर परिणाम गंभीर हो सकता है। इंजेक्शन के दाम लगभग चालीस हजार रुपये होने के कारण बाजारों में भी आसानी से नहीं मिलता है। लेकिन जिला अस्पताल में यह मुफ्त में लगाए जाते हैं। लगभग पंद्रह दिन पहले जिला अस्पताल में इंजेक्शन खत्म हो गए थे। जिसके चलते मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अस्पताल के सीएमएस डॉ. डीएस गुप्ता के आग्रह पर जिला अस्पताल मुरादाबाद ने लकवा के छह इंजेक्शन दिए हैं। सीएमएस डॉ. डीएस गुप्ता ने बताया की लगभग पंद्रह दिन अस्पताल में लकवा के इंजेक्शन नहीं थे। इंजेक्शनों की पूर्ति के लिए विभाग से पत्राचार जारी था। जानकारी होने पर मुरादाबाद जिला अस्पताल से छह इंजेक्शन मंगाए गए हैं।