झांसी। संभागीय परिवहन विभाग (आरटीओ) और यातायात पुलिस ने बुधवार को भी ई-रिक्शा के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान ड्राइविंग लाइसेंस न होने पर छह ई-रिक्शा सीज किए गए। क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठने पर 10 ई-रिक्शा के चालान काटे गए।
सड़कों पर बेतरतीब दौड़ने वाले ई-रिक्शा की वजह से यातायात व्यवस्था लड़खड़ाने और जगह-जगह जाम लगने की समस्या आम हो गई है। खास बात यह कि ई-रिक्शा में न सिर्फ क्षमता से ज्यादा सवारियां बैठाई जा रही हैं बल्कि माल ढुलाई भी हो रही है। कई ई-रिक्शा बिना आवंटन के भी दौड़ रहे हैं। इसे लेकर शासन के निर्देश पर प्रदेश भर में आरटीओ और ट्रैफिक पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान छेड़ दिया है।
बुधवार को एआरटीओ हेमचंद्र गौतम तथा सीओ यातायात आसमां ने संयुक्त रूप से इलाइट चौराहा, जेल चौराहा, बस स्टैंड के पास अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान बिना ड्राइविंग लाइसेंस के छह ई-रिक्शा सवारियां ढोते मिले, जिन्हें सीज कर दिया गया। वहीं, क्षमता से ज्यादा सवारी बैठाने, मनचाही जगह पर सवारियां बैठाने-उतारने पर 10 के चालान काटे गए। ब्यूरो