संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बरात में सिर पर लाइट (गमले) रखकर ले जाने वाले छह बच्चों को चाइल्ड लाइन और पुलिस ने पकड़ लिया। बालकों को बाल कल्याण समिति में पेश किया गया। यहां से उनके परिजनों को सुपुर्द किया। अब शादी समारोह में बैंड संचालकों पर कार्रवाई की जाएगी।
बाल कल्याण समिति को सूचना मिली थी कि आशीर्वाद विवाह घर में आयोजित शादी समारोह में बरात में लाइट के गमले सिर पर रखकर चलने के लिए छह लड़कों को लाया गया है। सूचना मिलने पर बृहस्पतिवार की देर शाम पुलिस और चाइल्ड लाइन की टीम मौके पर पहुंची। यहां से 10 से 15 उम्र वर्ग के 6 बालकों को पकड़ लिया गया।
उन्हें शुक्रवार को बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया गया। यहां समिति के अध्यक्ष राजीव शर्मा व सदस्यगण परवीन खान, दीप्ति सक्सेना, कोमल सिंह व हरिकृष्ण सक्सेना ने काउंसिलिंग की। यहां बालकों के परिजनों को बुलाकर उन्हें सुपुर्द कर दिया।
तीन-तीन सौ रुपये देकर लाई थी महिला
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष राजीव शर्मा ने बताया कि महिला शहर के ओरछा गेट, सैंयर गेट व उरई निवासी सभी बालकों को तीन-तीन सौ रुपये देकर लाई थी। महिला, बैंड संचालक और विवाह घर मालिक से पूछताछ की जाएगी। श्रम प्रवर्तन अधिकारी ने संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है।