झांसी। जिला महिला अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की हालत बिगड़ने पर मौजूद चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। मेडिकल पहुंचने से पहले ही महिला की मौत हो गई थी। परिजनों ने मौजूद चिकित्सक व कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर जांच की मांग की थी। जांच के लिए अस्पताल प्रबंधन ने दो सदस्यीय समिति का गठन कर दिया है।
पिछले दिनों अस्पताल में एक गर्भवती महिला का सामान्य तरीके से प्रसव कराया गया था। महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया था। प्रसव होते ही महिला की हालत बिगड़ने पर मौजूद चिकित्सक ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। मेडिकल पहुंचने से पहले ही प्रसूता की मौत हो गई थी। परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक व कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। प्रकरण की जांच के लिए अस्पताल प्रबंधन द्वारा दो सदस्यीय समिति का गठन कर तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट देने का आदेश दिया है। जांच समिति में बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अरविंद सोनी व लेबर रूम इंचार्ज वंदना वर्मा को नियुक्त किया है। इस संबंध में अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीके दीक्षित ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए दो सदस्यीय समिति का गठन किया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर ही कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।