झांसी। परिवहन विभाग इस बार रक्षाबंधन पर बहनों को न केवल मुफ्त यात्रा कराएगा, बल्कि भाइयों की कलाइयां सजाने के लिए राखियां भी मुफ्त में देगा। शासन के निर्देश पर परिवहन विभाग पहली बार ऐसा करने जा रहा है। समय से पूर्व रोडवेज बस स्टेशनों पर राखियां पहुंचा दी जाएंगी।
रक्षाबंधन पर परिवहन विभाग बहनों के लिए दोहरी खुशी देने जा रहा है। इस बार उन्हें मुफ्त यात्रा के साथ भाइयों की कलाइयां सजाने के लिए राखियां भी दी जाएंगी। शासन से उन्हें निर्देश मिल चुका है। इस बार परिवहन विभाग महिलाओं को 428 बसों से मुफ्त यात्रा कराने के साथ- साथ लोकल बसों के फेरे भी बढ़ाएगा ताकि किसी भी प्रकार की दिक्कतें आड़े न आने पाएं। ई- टिकट मशीनों से 21 अगस्त की रात 12 बजे से 22 अगस्त की रात 12 बजे तक महिलाओं को फ्री टिकट दिया जाएगा। इसमें दोनों तरफ का समय शामिल है। अगर कोई महिला वापसी में 22 अगस्त की रात 11 बजकर 59 मिनट पर टिकट कटाएगी तो उसको परिचालक फ्री में टिकट देगा। इस संबंध में रोडवेज स्टेशन इंचार्ज निजाम खान ने बताया कि मुफ्त टिकट के साथ- साथ मुफ्त राखियां देने का निर्देश शासन से प्राप्त हो चुका है। राखियां समय से पूर्व सभी सरकारी बस स्टेशनों पर पहुंचा दी जाएंगी ताकि महिलाआें को टिकट के साथ दी जा सकें।