अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। सोमवार को भी विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण के लिए बूथवार शिविर लगाया गया। इस दौरान कई जगहों पर ऐसे मतदाता सामने आए जिनको अभी तक एसआईआर फॉर्म नहीं मिल सका था। वह बीएलओ को ही तलाशते दिखे। बूथ में आने पर उनको बीएलओ से फॉर्म दिलवाया गया। एसआईआर फॉर्म भरवाने के लिए बूथों पर स्वयंसेवक भी तैनात रहे। उनकी मदद से फार्म भरवाए गए। चार दिसंबर तक यह काम पूरा होना है।
चुनाव आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत दूसरे दिन भी बूथवार कैंप लगाए गए। महानगर में पुराने शहर के तमाम मोहल्लों में मतदाताओं को अभी तक बीएलओ ने प्रपत्र नहीं दिए। पुराने शहर के सिजारिया कॉलोनी, राजपूत कॉलोनी, मास्टर कॉलोनी समेत सीपरी बाजार एवं प्रेमनगर के अंतर्गत आने वाले कई वार्डों में लोगों को एसआईआर फॉर्म नहीं मिला था। पार्षदों से भी लोगों ने शिकायत की। सोमवार को लगाए गए कैंप के जरिये बीएलओ से ऐसे लोगों को फॉर्म दिलवाए गए। अभियान के जरिये मतदाताओं को एसआईआर फॉर्म भरवाने में मदद की गई। उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिव प्रताप शुक्ल के मुताबिक हर व्यक्ति के लिए दो फॉर्म है। दोनों फाॅर्म पर पासपोर्ट साइज तस्वीर लगानी है। दोनों फॉर्म पर सदस्य के हस्ताक्षर होंगे। एक फॉर्म बीएलओ को देना होगा जबकि एक फॉर्म मतदाता के पास रहेगा। मतदाता के पास रहने वाले फॉर्म पर बीएलओ के हस्ताक्षर होंगे। उनका कहना है कि यह फॉर्म चार दिसंबर तक भरवाए जाएंगे। विशेष शिविर मंगलवार को भी लगाया जाएगा।