झांसी। सीपरी बाजार ओवरब्रिज पर मंगलवार से काम शुरू हो गया। पुल के नीचे वाहनों का आवागमन बंद होने से उनको परिवर्तित मार्ग से गुजारा गया। वाहनों की लंबी कतार लगने से कई बार जाम की स्थिति बनी। पुलिस को यातायात सामान्य रखने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, इस काम के लिए रेलवे 19 नवंबर से 24 नवंबर तक दो- दो घंटे के लिए ट्रेनों का संचालन रोकेगा। 26 नवंबर से 30 नवंबर तक गार्डरों को कसने का काम होगा। इस कार्य के पूरा होने पर ही पुल के नीचे से यातायात चालू हो सकेगा।
मंगलवार से सीपरी ओवरब्रिज के अधूरे काम को पूरा करने का सिलसिला शुरू हो गया। योजना के तहत पुलिस ने सुबह से ही चित्रा चौराहा से लेकर चेलाराम रेस्टोरेंट (पानी की टंकी तक) के बीच वाहनों व राहगीरों का निकलना बंद कर दिया। शिवपुरी मार्ग नंदनपुरा से आने वाले वाहनों को सीपरी की पुरानी कलारी मोड़ से छोटी माता मंदिर, रामा बुक डिपो चौराहा, आर्य समाज मंदिर से कच्चा पुल होकर पंचतंत्र पार्क व गोंदू कंपाउंड से होेकर निकाला गया। प्रेमनगर से मालगोदाम होकर आने वाले वाहनों को टंडन मार्ग से कच्चे पुल होकर आगे आगे बढ़ाया गया। सीपरी बाजार के सकरे रास्ते होने के कारण दिन भर बाजार में वाहनों की कतार लगी रही। कई बार जाम लगा, जिसे खुलवाने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
वहीं, चित्रा चौराहा होकर सीपरी बाजार में प्रवेश करने वाले वाहनों को पुलिया नंबर नौ या आईटीआई अंडरब्रिज से होकर गुजरना पड़ा। इन मार्गों को अपनाने वाले वाहन चालकों को दो से तीन किलोमीटर अतिरिक्त वाहन को चलाना पड़ा। बीस से तीस मिनट का भी अतिरिक्त समय लग गया। इससे वाहन चालक बेहद परेशान रहे।
इधर, सीपरी ओवरब्रिज पर संबंधित कंपनी के अधिकारी व कर्मचारी गार्डर रखने की तैयारी करती रहे। गार्डर रखने का काम 20 नवंबर से शुरू होगा। इसके पहले तैयारी सभी तैयारी पूरी की जाएगी।
रेलवे का प्लान
18 नवंबर - गार्डर रखने के सभी उपकरणों को उचित स्थानों पर रखा जाएगा।
19 नवंबर- दो घंटे ट्रेनों का संचालन रोककर क्रेनों की मदद से गार्डर उचित स्थान पर रखे जाएंगे।
20 नवंबर- दो घंटे ट्रेनों का संचालन रोककर जी 1 व जी 2 गार्डर (50 मीटर) को पटरियों के ऊपर पिलरों पर रखने का काम होगा।
21 नवंबर- दो घंटे ट्रेनों का संचालन रोककर अगले दो गार्डरों को रखने के लिए उनको उचित स्थान पर रखने का काम होगा।
22 नवंबर - दो घंटे ट्रेनों का संचालन रोकर जी 3 व जी 4 (50 मीटर) को पटरियों के ऊपर पिलरों पर रखने का काम होगा।
23 नवंबर- दो घंटे ट्रेनों का संचालन रोकर जी 5 व जी 6 (50 मीटर) को पटरियों के ऊपर पिलरों पर रखने का काम होगा।
24 नवंबर- दो घंटे ट्रेनों ट्रेनों का संचालन रोककर उक्त गार्डरों के फिक्सिंग का काम होगा।
26 नवंबर- पानी की टंकी की तरफ 36 मीटर लंबाई के जी1, जी 2 व जी 3 गार्डरों को रखने का काम होगा।
27 नवंबर- पानी की टंकी की तरफ 36 मीटर लंबाई के जी4, जी 5 व जी 6 गार्डरों को रखने का काम होगा।
28 नवंबर - पानी की टंकी की तरफ रखे गए 36 मीटर के गार्डरों के फिक्सिंग का काम होगा।
29 व 30 नवंबर- 50 मीटर गार्डर से दोनों तरफ रखे गए 36- 36 मीटरों के गार्डरों जोड़ने का काम होगा।
सीपरी बिल काउंटर बंद
बिजली विभाग ने सीपरी ओवरब्रिज कार्य के चलते चित्रा चौराहा के निकट बने बिल जमा काउंटर को अग्रिम आदेश तक बंद कर दिया है। इस काउंटर का लाभ लेने वाले उपभोक्ता अपना बिल खालसा या सुकुवां- ढुकुवां कॉलोनी स्थित कार्यालय की खिड़की पर जमा कर सकते हैं।