चित्रा चौराहा से सीपरी बाजार जाने वाले मार्ग को ओवरब्रिज कार्य के लिए किया बंद।
झांसी। सीपरी ओवरब्रिज पर शुक्रवार से काम शुरू हो गया। कार्य के चलते चित्रा चौराहा से सीपरी बाजार की तरफ का रास्ता बंद कर दिया गया। इससे दो पहिया और ऑटो चालक ही एक तरफ से निकल पा रहे हैं। कार चालकों को आईटीआई और पुलिया नंबर नौ के लंबे रास्ते से मंजिल तक पहुंचना पड़ रहा है। यह स्थिति एक हफ्ते तक रहेगी।
सीपरी ओवरब्रिज के बाकी के काम को पूरा करने के लिए नोएडा की कंपनी ने शुक्रवार से धरातल पर काम शुरू कर दिया। सबसे पहले पटरियों के ऊपर वाले हिस्से में 50 मीटर के छह गार्डर रखे जाने हैं। इनको रखने के लिए पुल के बीच में एक अस्थायी फाउंडेशन बनाया जा रहा है। इस फाउंडेशन की मदद से एक- एक कर गार्डर रखने का काम होगा। इस कार्य को करने के लिए शुक्रवार दोपहर से चित्रा से सीपरी बाजार वाले रास्ते को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया। पुल के एक तरफ के रास्ते से सिर्फ दोपहिया वाहन व ऑटो चालकों को गुजारा जा रहा है। ऐसी ही स्थिति कच्चे पुल पर बनाई गई है, ताकि जाम न लग सके। कार व अन्य चार पहिया वाहनों को सीपरी बाजार में प्रवेश करने के लिए आईटीआई व पुलिया नंबर अंडरब्रिज का सहारा लेना पड़ रहा है। कई चार पहिया वाहन चालकों ने कच्चे पुल के रास्ते से सीपरी बाजार में से निकलने व अंदर जाने के लिए कोशिश की तो जाम लग गया। बाद में यातायात पुलिस की मदद से जाम खुल सका। वाहन चालकों को समझाने के लिए यातायात पुलिस व होमगार्ड दिन भर लोगों से जूझते रहे।