सीपरी बाजार में वर्षों से काबिज अवैध कब्जों पर बुधवार को नगर निगम के जेसीबी (फौलादी पंजा) टूट पड़ा। ओवरब्रिज के नीचे चित्रा चौराहा से लेकर होटल हाइवे तक अतिक्रमण साफ कर दिया गया। इस दौरान तमाशबीनों की भीड़ लगी रही, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी। भारी पुलिस बल देख विरोध करने वालों हौसले पस्त हो गए। चेतावनी दी गई कि यदि दुबारा कब्जा किया तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
सीपरी बाजार में ओवरब्रिज बनने के बाद से सब्जी और फल वालों ने अवैध कब्जा कर दुकानें सजा ली थीं। श्री रघुनाथजी मंदिर के आसपास और होटल हाइवे तक सब्जी और फल वाले, मूंगफली, माला, फूल वाले, पान की दुकान, छोले-बठूरे, चाट, पंक्चर, चश्मा की दुकान, ताला चाबी, नाश्ता, आलू के परांठे, गाड़ी मैकेनिक, बर्फ, नाई की दुकान और जूता चप्पल की दुकानें खोल ली थीं। सूची में 129 अवैध कब्जाधारकों के नाम थे, जिन्हें हटा दिया गया।
नगर मजिस्ट्रेट चंद्रपाल तिवारी, सीओ सिटी जंगबहादुर यादव, अपर नगर आयुक्त रोहन सिंह और सीपरी बाजार थानाध्यक्ष गगन गौड़ दल- बल के साथ चित्रा चौराहा पहुंचे। टीम को देखकर सब्जी और फल वालों ने सामान समेटना शुरू कर दिया और दाएं- बाएं गलियों में छिप गए, कुछ लोग हाथ ठेला छोड़कर भाग गए। टीम ने हाथ ठेला जब्त कर लिए। बल्लियां लगाकर तरबूज बेचने वाले तरबूज तो लोडिंग गाड़ी में भरकर भाग गए, लेकिन बल्लियां लगी छोड़ गए। इस पर टीम ने उन्हें तोड़ दिया और जब्त कर लिया। टीम ने चेलाराम स्वीट्स की दुकान के बाहर बना पक्का फर्श तोड़ दिया, कुछ दुकानदारों के टिनशेड, जो सड़क तक लगे थे उखाड़ दिए। वर्षों से श्री रघुनाथ जी मंदिर के सामने मूंगफली और चना बेचने वाले सामान लेकर गायब हो गए। मंदिर के पास फूल मालाएं बेचने वाले भी सामान समेट ले गए। कुछ दुकानदार फल के ठेले लेकर सुभाष मार्केट की ओर भागे तो कुछ आर्यकन्या चौराहा की तरफ निकल गए, जिससे किसी के सामान की हानि तो नहीं हुई। लेकिन, दुकानदारी नहीं चलने के कारण उन्हें नुकसान हो गया। इस मौके पर व्यापारी नेता चौधरी फिरोज, नगर निगम से अरविंद मिश्रा, ग्यादीन लेखपाल, सुरेंद्र कुमार, रियाज, गोकुल प्रसाद, धर्मेंद्र तिवारी उपस्थित रहे।
नहीं हटा पुलिस बूथ
सीपरी बाजार में यातायात पुलिस बूथ के चारों ओर अतिक्रमण रहता है। आसपास के दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस की वजह से यहां पर अतिक्रमण होता है। सीपरी बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष संतोष साहू पुलिस बूथ को हटाने की मांग कर रहे थे, लेकिन बूथ को नहीं हटाया गया। दरअसल, नगर निगम ने जो सूची बनाई थी उसमें बूथ का नाम शामिल नहीं था।
अब सड़क चौड़ी कराई जाए
मांग की जा रही थी कि सड़क का चौड़ीकरण हो जाने से अतिक्रमण नहीं होगा। अतिक्रमण हट जाने के बाद व्यापारी फिर से मांग करने लगे हैं कि सड़क चौड़ी कराई जाए और सीपरी बाजार ओवरब्रिज के नीचे का एरिया कवर करके पार्किंग बनाई जाए।