सीपरी बाजार में पाइपलाइन की शिफ्टिंग का काम शुरू
झांसी। दो साल से लीकेज पानी की पाइपलाइन से नाले का पानी पी रहे सीपरी बाजार क्षेत्र के निवासियों के लिए अच्छी खबर है। पाइपलाइन शिफ्टिंग का काम शुरू हो गया है। उम्मीद है कि बुधवार तक लाइन ठीक हो जाएगी और पानी की आपूर्ति सुचारु हो जाएगी।
सीपरी बाजार में कारगिल पार्क के पास से नाला निकला है। इसी नाले के किनारे पानी की पाइपलाइन है। किनारे पर बिजली का ट्रांसफार्मर रखा है। पानी की पाइपलाइन अक्सर नाले की सफाई के दौरान जेसीबी से क्षतिग्रस्त हो जाती है, जिससे पाइपलाइन टूट जाती है। क्षेत्रीय पार्षद और मोहल्ले वाले पाइपलाइन शिफ्ट करने की मांग दो साल से कर रहे हैं। उन्होंने आईजीआरएस में भी शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। समस्या को दो और तीन मार्च को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर हरकत में आए विभाग ने ठेकेदार के पेच कसे और आनन- फानन में कानपुर से पाइप मंगवाकर काम शुरू कर दिया।
रविवार को खुदाई की गई और अब पाइपलाइन को पुलिया के ऊपर से शिफ्ट किया जाएगा, ताकि जेसीबी से कोई खतरा न रहे। इसके लिए करीब 15 मीटर पाइप अतिरिक्त जोड़ा जाएगा और पाइपलाइन को घुमावदार बनाकर वाल्व लगाया जाएगा, ताकि मोहल्लेवालों को पर्याप्त पानी मिल सके। काम तेजी से चल रहा है एक से दो दिन में पूरा हो जाएगा। इस पाइपलाइन से प्रेमगंज, मसीहागंज, नंदनपुरा, सीपरी बाजार समेत आसपास के क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति की जाती है।
वर्जन
मंगलवार तक नहीं आएगा पानी
मंगलवार तक सीपरी बाजार क्षेत्र में पाइपलाइन की रिपेयरिंग के कारण जलापूर्ति बंद रहेगी। इस कारण मसीहागंज, प्रेमगंज, नंदनपुरा समेत आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति ठप रहेगी। आपूर्ति बुधवार को सुचारु होगी। - हरिकेश पटेल, अवर अभियंता जल संस्थान