संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। बबीना ब्लॉक का गांव सिमरावारी सूर्य की रोशनी से जगमगाएगा। यहां पहले से ही सोलर प्लांट अच्छी खासी संख्या में है। अब सरकार की ओर से इसे प्राेत्साहन देकर विकसित किया जाएगा। गांव को सोलर मॉडल के रूप में चुना गया है। कार्य के लिए एक करोड़ से अधिक का बजट यहां पंचायत को दिया जाएगा, जिससे यह सभी कार्य कराए जाएंगे।
जिले की पांच हजार से अधिक आबादी वाली एक ग्राम पंचायत को मॉडल सोलर गांव के रूप में विकसित किए जापा था। सर्वे किया गया तो बबीना क्षेत्र का गांव सिमरावारी इसके लिए सबसे उपयुक्त मिला और यहां सबसे ज्यादा रूफ टॉप पाए गए। इसके बाद प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। शासन ने गांव को मॉडल सोलर गांव घाेषित किया। यहां सरकार की ओर से एक करोड़ रुपये का बजट दिया जाएगा। इससे पंचायत भवन, मिनी सचिवालय, स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और उप-स्वास्थ्य केंद्रों में सोलर पैनल लगाए जाएंगे। सड़कों पर सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी और ग्रामीणों को उनके घरों में सौर ऊर्जा कनेक्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा।