झांसी। कोरोना वायरस को लेकर लगातार सब कुछ बंद हो रहा है। जनता कर्फ्यू के बाद सोमवार को खुले कार्यालयों में सन्नाटा पसरा रहा। जनता के कार्यालयों में आने पर रोक के चलते फरियादी भी नहीं पहुंचे। वहीं विभागीय अधिकारी और कर्मचारी काम निपटाते रहे।
कोरोना वायरस को लेकर जिले में लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सोमवार को सरकारी कार्यालयों में सन्नाटा रहा। इस दौरान कोई भी फरियादी शिकायत लेकर कार्यालय नहीं पहुंचा। कई विभागों में कर्मचारी अपने काम निपटाते नजर आए। साथ ही, तमाम कर्मचारी अवकाश पर रहे। इस दौरान विकास भवन, आरटीओ, पूर्ति कार्यालय, कलक्ट्रेट समेत तमाम दफ़्तरों में सन्नाटा पसरा रहा। कोरोना वायरस को लेकर कर्मचारी और अधिकारी भी मास्क लगाकर कार्यालय पहुंचे। साथ ही, कार्यालयों में कोरोना को लेकर चर्चा का आलम रहा। अधिकारी वित्तीय वर्ष का अंतिम माह होने के चलते विभागीय कार्यों को अंजाम देते रहे।