महिला मित्र से कहासुनी होने पर कोतवाली की नई बस्ती में बुधवार की शाम एक युवक ने कनपटी पर गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे परिजन उसे लेकर मेडिकल कालेज पहुंचे, जहां देर रात तक उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी।
लाल स्कूल के पास नई बस्ती निवासी धर्मेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि उनके 18 वर्षीय पुत्र जयप्रकाश गौतम (शिवम्) की किसी बात को लेकर अपनी महिला मित्र से कहासुनी हो गई। शाम के समय वह छत पर चला गया। शाम करीब 5.15 बजे उसने तमंचा निकाला और कनपटी पर गोली मार ली। छत पर गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन छत पर पहुंचे तो देखा शिवम् छत पर लहूलुहान पड़ा हुआ है और उसके हाथ में तमंचा लगा है। घर में मची चीखपुकार सुनकर आसपास रहने वाले लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजन लोगों के मदद से शिवम् को लेकर मेडिकल कालेज पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने भर्ती कर लिया। देर रात धर्मेंद्र कुमार गौतम ने बताया कि शिवम् की हालत काफी नाजुक बनी हुई है। वहीं, इसकी सूचना मिलने पर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मौका मुआयना करके मामला दर्ज कर लिया।