झांसी। मंगलवार की देर रात मऊरानीपुर में अवैध रूप से मछली पकडने का विरोध करने पर हमलावरों ने मछली ठेकेदार को गोली मार दी। गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहा हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने ग्वालियर रेफर कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस अफसरों व कई थानों का फोर्स मोके पर पहुंचा। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
चित्रकूट के कर्वी सुखराम मछली ठेकेदार हैं। वर्तमान में वे मऊरानीपुर के कुरेचा नदी में मछली पकड़ने का ठेका लिए हुए हैं। वह मऊरानीपुर में किराए से रहते हैं। मंगलवार की रात उनको खबर मिली कि नदी में कुछ लोग अवैध तरीके से मछली पकड़ रहे हैं। खबर मिलते ही वे विरोध करने पहुंचे। यहां कुछ लोगों को पकडने के बाद विवाद होने लगा। इसी बीच एक व्यक्ति ने तमंचे से मुंह पर गोली मार दी। गोली मारकर हमलावर भाग निकले। गोली चलने की आवाज़ सुनकर ठेकेदार के साथी मौके पर पहुंचे, जहां खून से लथपथ हालात में देखकर घबरा गए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची मऊरानीपुर पुलिस ने उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। जहां हालत नाजुक होने पर सुखराम को ग्वालियर रेफर कर दिया। देर रात उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। सूचना पाकर एसपी देहात राहुल मिठास ने मौके पर जाकर घटना की जानकारी लेकर हमलावरों को पकड़ने के निर्देश दिए। देर रात पुलिस तलाश में जुट गई।