गांव से एक किलोमीटर पहले बदमाश ने बगल में आकर राजकुमार के गले के पास तमंचा से गोली मार दी। गोली लगते ही दोनों बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। दहशत में प्रदीप ने झाड़ियों में भागकर अपनी जान बचाई। राजकुमार का बैग लूटकर बदमाश फरार हो गया।
झांसी। महोबा के थाना चरखारी इलाके के नौसारा गांव के पास मंगलवार रात दुकान बंद करके लौट रहे मोबाइल शॉप संचालक को बदमाश ने रुपयों से भरा बैग लूटने के बाद गोली मार दी। गोली उसकी गर्दन से होकर पीठ के छेदते हुए बाहर निकल गई। दुकानदार को देर-रात गंभीर हाल में झांसी मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बुधवार तड़के उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। चरखारी पुलिस आरोपियों को तलाश रही है।
विज्ञापन
नौसारा गांव निवासी राजकुमार (30) पुत्र हर प्रसाद की चरखारी में मोबाइल उपकरणों की दुकान थी। पड़ोस में रहने वाले प्रदीप भी वहीं दुकान चलाते हैं। प्रदीप ने बताया मंगलवार रात दुकान बंद करके दोनों एक बाइक से घर लौट रहे थे। चरखारी से नाकाबपोश बाइक सवार बदमाश पीछे लगा हुआ था। रास्ते में दो बार ओवरटेक करने की कोशिश की। गांव से एक किलोमीटर पहले बदमाश ने बगल में आकर राजकुमार के गले के पास तमंचा से गोली मार दी। गोली लगते ही दोनों बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। दहशत में प्रदीप ने झाड़ियों में भागकर अपनी जान बचाई। राजकुमार का बैग लूटकर बदमाश फरार हो गया। उसके बैग में पैसे, लैपटॉप समेत कागजात थे। घटना के बाद प्रदीप ने राजकुमार के परिजनों को फोन करके घटना के बारे में बताया।
परिजन घायल राजकुमार को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। उसकी हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने झांसी मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया। वारदात की खबर मिलने पर चरखारी पुलिस भी झांसी पहुंची। उसने परिजनों के बयान दर्ज किए। राजकुमार की मौत के बाद शव का पोस्टमार्टम भी कराया। गर्दन में गोली लगने से उसकी मौत हुई। उधर, नवाबाद थाना प्रभारी जेपी पाल के मुताबिक पुलिस आरोपियों को तलाश रही है।