सड़क दुर्घटना में दुकानदार की मौत
झांसी। डीआरएम कार्र्यालय के नजदीक बृहस्पतिवार की रात स्कूटी सवार एक दुकानदार की चार पहिया वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने मौके पर टूटकर गिरी चार पहिया वाहन की नंबर प्लेट बरामद कर ली है।
प्रेमनगर स्थित हाता प्यारेलाल में रहने वाले प्रमोद नायक (38) सीपरी बाजार में अजंता होम्यो एजेंसी (मेडिकल स्टोर) का संचालन करते थे। बृहस्पतिवार की रात दुकान बंद करने के बाद वह अपनी स्कूटी से इलाइट चौराहे की तरफ गए। रात करीब साढ़े नौ बजे वह अशोक तिराहा से डीआरएम कार्यालय होकर घर की तरफ जा रहे थे, तभी डीआरएम कार्यालय के नजदीक उनको एक चार पहिया वाहन चालक उनको टक्कर मारता हुआ भाग गया। टक्कर लगने के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे गिर पड़े । दुर्घटना की खबर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने उनको उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया।