झांसी। सावन के पहले दिन महानगर के शिवालय हर हर महादेव के उद्घोष से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने रुद्रि पाठ कर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और उनका अनुपम श्रृंगार किया। शिव चालीसा और शिव पुराण का पाठ भी किया गया।
पानी वाली धर्मशाला स्थित हजरिया महादेव, सुंदर बाग स्थित राजा बाबा और महाकालेश्वर महादेव, बाहर बड़ागांव गेट स्थित भूतनाथ मंदिर और अन्य शिवालयों में तड़के से भक्तों की कतारें लगी रहीं। बुजुर्ग हो या युवा, महिलाएं हो या पुरुष, सभी भोले की भक्ति में चूर दिए। बेलपत्र, धतूरा, फूल और भांग भी शिव को अर्पित किया गया। इस मौके पर भगवान शिव, मां गौरी, गणेश की प्रतिमाओं का श्रृंगार किया। शिवालयों में भगवान के दर्शन लिए श्रद्धालु देर रात तक आते रहे। महाआरती भी की गई। श्रद्धालुओं ने नागों की भी पूजा की।
गाजे-बाजे के साथ निकली भोले की शोभायात्रा
झांसी। श्रावण मास समारोह महासमिति द्वारा बुधवार को बाहर बड़ागांव गेट स्थित परुआ हनुमान मंदिर से गाजे-बाजे के साथ भगवान भोले शंकर की शोभायात्रा निकाली गई।
जय-जय भोले भंडारी, तेरी महिमा है न्यारी, आया सावन त्यौहार, आया भोले बाबा जैसे भजनों के बीच निकली शोभायात्रा में बग्गी पर ब्रह्मा, विष्णु, भगवान शिव और नंदी के स्वरूप आकर्षण के केंद्र रहे। बड़ागांव गेट, बिसाती बाजार, गंदीगर का टपरा, मानिक चौक, सिंधी चौराहा, रानी महल, मिनर्वा चौराहा आदि से होती हुई शोभायात्रा का समापन फूटा चौपड़ा स्थित श्री पंचमुखी महादेव मंदिर पर हुआ। वहां पंचमुखी महादेव की महाआरती की गई। इस दौरान कई स्थानों पर भोले बाबा के स्वरूप का तिलक श्रद्धालुओं ने किया। इस अवसर पर आचार्य हरीओम पाठक, मनमोहन गेढ़ा, संजय वर्मा, रवीश त्रिपाठी, राजेंद्र सिंह कुशवाहा, विनोद अग्रवाल, प्रदीप यादव आदि मौजूद रहे।