झांसी। उड़ीसा की एक युवती को झांसे में लेकर एक युवक उसे मध्य प्रदेश के निवाड़ी स्थित गांव अपने बहनोई के घर ले आया। वहां युवक और उसके बहनोई ने युवती से बलात्कार किया। पीड़ित युवती किसी तरह भागकर झांसी आई और मदद के लिए आरपीएफ थाने पहुंच गई।
मंगलवार की रात आरपीएफ थाने पहुंची एक सहमी युवती ने बताया कि वह उड़ीसा के भद्ररक जिले के करोनकुली गांव की रहने वाली है। आठ दिन पहले वह काम की तलाश में भुवनेश्वर स्टेशन पर आई थी। यहां उसकी मुलाकात एक युवक से हो गई। युवक ने उससे कहा कि वह उसके साथ झांसी चले। वहां वह अच्छी नौकरी दिला देगा। युवती उत्कल एक्सप्रेस से झांसी आ गई। युवक उसे निवाड़ी क्षेत्र में स्थित पथराम गांव ले गया। वहां उसे अपने बहनोई को सौंप दिया। युवती का आरोप है कि युवक और उसके बहनोई ने उसके साथ बलात्कार किया।
मंगलवार की शाम वह छत से कूदकर निवाड़ी स्टेशन आ गई। बाद में पैसेंजर में बैठकर झांसी तक आ गई। यहां वह आरपीएफ थाने पहुंची और पुलिस को जानकारी दी। युवती की इच्छा पर उसे उत्कल एक्सप्रेस में बिठाकर भुवनेश्वर के लिए रवाना कर दिया। आरपीएफ इंस्पेक्टर राजीव उपाध्याय ने बताया कि युवती पढ़ी लिखी है। वह अपनी इच्छा से गई है। युवती का कहना था कि वह घर पहुंचने के बाद परिजनों के साथ झांसी आएगी।