जिले के दूरदराज स्थित स्कूलों की क्या स्थिति होगी, इसका अंदाजा लगाने के लिए शिक्षा भवन की बहुमंजिली इमारत में संचालित स्कूलों की हालत देखकर ही लगाया जा सकता है। शिक्षा विभाग के सभी अफसर यहां बैठते हैं, फिर भी यहां अध्यापकों की लापरवाही जारी है। शुक्रवार को नगर खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय का औचक निरीक्षण किया तो यहां शिक्षक नहीं मिले, बच्चों की संख्या भी 18 ही थी।
शिक्षा भवन परिसर में मौजूद बहुमंजिली में पूर्व माध्यमिक विद्यालय खुशीपुरा, प्राथमिक विद्यालय खुशीपुरा संचालित है। इसी परिसर में ही संयुक्त शिक्षा निदेशक, एडी बेसिक, बीएसए सहित कई अधिकारियों के कार्यालय भी है, लेकिन आश्चर्य है, कि इनके नाक के नीचे संचालित विद्यालय में नगर खंड शिक्षा अधिकारी को निरीक्षण में न तो सामान्य संख्या में विद्यार्थी मिले और न ही शिक्षिकाएं। नगर खंड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि सुबह 8:30 बजे निरीक्षण में उन्हें प्राथमिक विद्यालय के चार और पूर्व माध्यमिक विद्यालय के 14 बच्चे मिले। जबकि शिक्षिकाएं अनुपस्थित थी। ऐसे में उन्होंने बच्चों को प्रार्थना कराई। वहीं उन्होंने अनुपस्थित शिक्षिकाओं से स्पष्टीकरण मांगा है, जिसके बाद कार्रवाई होगी।
नगर शिक्षा अधिकारी के अनुसार उन्होंने प्राथमिक विद्यालय अलीगोल ओर प्राथमिक विद्यालय पुलिया नंबर नौ का भी निरीक्षण किया। यहां शैक्षिक गुणवत्ता ठीक मिली।