अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने जिले के सात थाना प्रभारियों को बदल दिया। कई उप निरीक्षक भी स्थानांतरित किए गए। लूट का खुलासा न करने पर शाहजहांपुर थानाध्यक्ष को पुलिस लाइन भेजा गया है।
पिछले दिनों शाहजहांपुर थाना इलाके में दंपती के साथ लूट हुई थी। आरोप है कि इस घटना में पुलिस ने गलत तरीके से एक व्यक्ति को जेल भेज दिया था। गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने इसकी शिकायत शासन में भी की थी। इसमें पुलिस की खासी किरकिरी हुई थी। दो सप्ताह पहले शाहजहांपुर के बकवां बुजुर्ग गांव में घर में घुसकर बदमाशों ने लूट की घटना को अंजाम दिया था। इसका खुलासा नहीं हो पाया है। इन दोनाें मामलों की शाहजहांपुरा थानाध्यक्ष पर गाज गिरी है। उन्हें थाने से पुलिस लाइन भेज दिया गया है।
इसके अलावा, टोड़ी फतेहपुर थाना प्रभारी देवेश कुमार उपाध्याय को आईजीआरएस प्रभारी बनाया गया है। अखिलेश द्विवेदी को सीपरी बाजार थाना प्रभारी से मोंठ प्रभारी, सरिता त्रिपाठी को मोंठ प्रभारी से प्रेमनगर थाना प्रभारी, आनंद कुमार सिंह को अपराध शाखा से सीपरी थाना प्रभारी, अशोक कुमार सिंह को प्रेमनगर थाना प्रभारी से पुलिस लाइन, संतोष कुमार अवस्थी को एसएसपी वाचक से बबीना प्रभारी व शिवशंकर सिंह को आईजीआरएस प्रभारी से एसएसपी वाचक के पद पर भेजा गया है।
वहीं, उप निरीक्षक सुशील कुमार द्विवेदी को बबीना थानाध्यक्ष से बिजौली चौकी इंचार्ज, सत्य प्रकाश शर्मा को पुलिस लाइन से टोड़ीफतेहपुर थानाध्यक्ष, संदीप कुमार वर्मा को नई बस्ती चौकी प्रभारी से शाहजहांपुर थानाध्यक्ष, उम्मेद सिंह को प्रेमनगर थाना से नई बस्ती चौकी इंचार्ज, गिरजेश कुमार को नैनागढ़ चौकी इंचार्ज से मोंठ थाना, अंकित पंवार को मोंठ थाना से नैनागढ़ चौकी इंचार्ज और पूनम वर्मा को बिजौली चौकी इंचार्ज से नवाबाद थाने भेजा गया है।