झांसी-खजुराहो हाईवे पर बड़ागांव तिगैला के पास बीती रात अज्ञात वाहन की टक्कर से सात गोवंशों की मौत हो गई, जबकि एक घायल हो गया। सूचना मिलने पर सोमवार की सुबह उप जिलाधिकारी अजय कुमार यादव, सीओ मनोज कुमार समेत प्रशासन और पुलिस का अमला मौके पर पहुंच गया। आनन-फानन मृत गोवंशों को दफनाया गया, जबकि घायल गोवंश को इलाज के लिए भेजा गया।
खास बात यह है कि घटना स्थल के आसपास चार ग्राम पंचायतें जुड़ी हुईं हैं और चारों में गो आश्रय स्थल भी हैं। बावजूद, गोवंश छुट्टा घूम रहे हैं। बता दें कि इससे पहले झांसी-खजुराहो हाईवे पर 22 जून को तीन गोवंश और 30 जून को दो गोवंश की मौत हो गई थी। 15 दिन के भीतर 12 गोवंशों की जान जा चुकी है, जबकि शासन-प्रशासन की ओर से गो संरक्षण के बड़े-बड़े दावे और वादे किए जा रहे हैं।