झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 23 जनवरी से चल रही हॉकी नेशनल प्रतियोगिता में रविवार को फाइनल मुकाबला खेला गया। इसमें सर्विस स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड ने एयर इंडिया को 3 - 1 से हराकर सीनियर नेशनल पुरुष हॉकी प्रतियोगिता (ए डिवीजन) का खिताब जीत लिया है। वहीं दूसरे मुकाबले में पेट्रोलियम स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड ने पंजाब एंड सिंध बैंक को हराकर तीसरा स्थान पाया।
फाइनल मैच में सर्विस स्पोर्ट्स की टीम पूरी तरह से हावी रही। 33 वें मिनट में राहुल राजभर ने फील्ड गोल किया। इसके बाद 43 वें मिनट में जोभनप्रीत सिंह ने और 45 वें मिनट में अंजिक्य जाधव ने फील्ड गोल कर अपनी टीम की जीत तय कर दी। वहीं, 47 वें मिनट में एयर इंडिया के विष्णु सिंह ने पेनाल्टी कार्नर की मदद से एकमात्र गोल अपनी टीम के लिए किया।
इससे पहले तीसरे स्थान के लिए हुए मैच में पेट्रोलियम ने पंजाब एंड सिंध बैंक को 3 - 1 से हराया। इसमें पेट्रोलियम के संता सिंह, कुलजीत सिंह और प्रभ दीप सिंह ने एक - एक गोल किया। जबकि पंजाब एंड सिंध बैंक के देविंदर वाल्मीकि ने एक गोल ठोका। अंपायरों व टेकिभनकल टीम में सुमित पाल, मल्कियत सिंह, जावेद शेख, अमित शर्मा, सौरभ राजपूत, सुरेश कुमार, मोहित रावत व टूर्नामेंट डायरेक्टर एचएस सोखी रहे।
समापन कार्यक्रम में खेल निदेशक आरपी सिंह, जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी, महापौर रामतीर्थ सिंघल, विधायक जवाहर सिंह राजपूत ने विजेता एवं उप विजेता टीमों को ट्राफियां प्रदान की। इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट संजीव मौर्य, सहायक पुलिस अधीक्षक शाद मिया खान, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, जेल अधीक्षक राजीव शुक्ला, प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर, वीरेंद्र राय, डा. रोहित पांडेय, सौरभ कोचर, डा. धन्नू लाल गौतम, सुबोध खंडकर, धर्मेंद्र कुमार, अब्दुल हमीद, सुनीता तिवारी, अशोक ओझा, अनुपम गुलाटी आदि मौजूद रहे।
सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने जुगराज सिंह
प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी व सर्वश्रेष्ठ फुलबैक सर्विसेज स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड के जुगराज सिंह को चुना गया। सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर एयर इंडिया के एल्ड्रियन डिसूजा को, सर्वश्रेष्ठ हॉफ बैक पंजाब एंड सिंध बैंक के गुरमीत सिंह को और सर्वश्रेष्ठ फारवर्ड एयर इंडिया के रहील मोहम्मद मोहसिन को चुना गया। इन्हें आकर्षक नगद पुरस्कार दिया गया।