फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सर्विस लेन बनाने को बीस दिन का अल्टीमेटम

Sun, 13 Dec 2015 12:35 AM IST
ब्यूरो
विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। सीपरी ओवरब्रिज की सर्विस लेन के निर्माण को सेतु निगम ने एक बार फिर आश्वासन दिया है। महापौर, विधायक व सीडीओ से सेतु निगम के अफसरों ने बीस दिन में सर्विस लेन तैयार करने की बात कही है। विधायक रवि शर्मा ने चेतावनी दी है कि यदि बीस दिन में सर्विस रोड नहीं बनी तो वह ओवरब्रिज के पास ही धरने पर बैठेंगे।
विज्ञापन


शुक्रवार को नगर विधायक रवि शर्मा ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर सीपरी बाजार ओवरब्रिज निर्माण के दौरान सर्विस लेन न बनने के विरोध में पंद्रह दिसंबर से जिलाधिकारी कार्यालय में धरने पर बैठने की चेतावनी दी थी। विधायक की चेतावनी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने सीडीओ संजय कुमार को निर्देश दिए थे कि समस्या का तत्काल निस्तारण करें।

शनिवार पूर्वाह्न महापौर किरन राजू बुकसेलर, विधायक रवि शर्मा व सीडीओ संजय कुमार निर्माणाधीन सीपरी ओवरब्रिज पहुंचे और सेतु निगम के अधिशासी अभियंता को तलब किया। अधिशासी अभियंता के लखनऊ में होने के कारण एई वीएनएस परिहार सहित अन्य जेई मौके पर पहुंचे। विधायक ने कहा कि ओवरब्रिज बनाने के दौरान लोगों की आवागमन की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए सर्विस लेन का निर्माण पहले हो जाना चाहिए था, लेकिन सेतु निगम के लापरवाह रवैये के कारण सर्विस लेन नहीं बनी।
विज्ञापन


सीडीओ ने सेतु निगम के अफसरों से सर्विस लेन न बनाने का कारण पूछा तो वह निरुत्तर रह गए। एई वीएनएस परिहार ने कहा कि वह बीस दिन में डब्लूएमएम (डामरीकृत से एक लेयर पहले तक की) सड़क तैयार कर देंगे, जिससे लोगों को आवागमन की सुविधा मिल जाएगी।

महापौर किरन राजू बुकसेलर ने कहा कि सेतु निगम कई बार उन्हें सर्विस लेन बनाने का आश्वासन दे चुका है, लेकिन आज तक इसे नहीं निभाया। इस पर विधायक ने कहा कि यदि बीस दिन में सर्विस लेन बन कर तैयार नहीं हुई तो वह जनता के साथ कलेक्ट्रेट के स्थान पर ओवरब्रिज के पास ही धरने पर बैठ जाएंगे।

कार्रवाई पर कुछ नहीं बोले सीडीओ
सेतु निगम द्वारा बार-बार आश्वासन देने के बाद भी सर्विस लेन न बनाने के बाद एक बार फिर बीस दिन का आश्वासन देने पर पत्रकारों ने सीडीओ संजय कुमार से पूछा कि इस बार भी आश्वासन अधूरा रह गया तो वह क्या कार्रवाई करेंगे। इस पर सीडीओ कुछ नहीं बोले, हालांकि उन्होंने हर हाल में सर्विस लेन बनवाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सेतु निगम के अफसरों को ओवरब्रिज निर्माण के कारण प्रभावित हुईं सभी उबड़-खाबड़ सड़कों के समतलीकरण के निर्देश दिए गए हैं।
विज्ञापन



विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें